Baransi.jpg
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Wed, 18 Mar 2026 07:38 GMT+0530

वाराणसी में नाव पर इफ्तार विवाद: 14 युवक गिरफ्तार, आरोप-प्रत्यारोप जारी

वाराणसी, गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार करने को लेकर सोमवार शाम को विवाद उत्पन्न हो गया। पुलिस ने इस मामले में 14 युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, विवादित युवकों ने सभी आरोपों का खंडन किया है।
घटना के मुताबिक, कुछ युवक नदी के बीच नाव पर इफ्तार कर रहे थे। इस दौरान शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इफ्तार के बाद कुछ खाद्य सामग्री, विशेषकर बिरयानी की हड्डियां, नदी में फेंकी गईं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। शिकायत भारतीय जनता युवा मोर्चा के वाराणसी महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की और बताया कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया।
पुलिस ने शिकायत के साथ प्रस्तुत किए गए वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उस नाविक के खिलाफ भी जांच शुरू की गई, जिसने अपनी नाव इफ्तार के लिए उपलब्ध कराई थी।
वहीं, आरोपित युवकों का कहना है कि उन्होंने कोई भी ऐसा कृत्य नहीं किया जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। उनका दावा है कि नाव पर सिर्फ फल, फ्रूट और सामान्य खाद्य पदार्थ ही उपयोग किए गए और किसी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु नदी में नहीं फेंकी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए नदी के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद के चलते तनाव बढ़ सकता है, इसलिए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की गई है।