जनगणना 2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, टांडा में कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
टांडा। 31 अक्टूबर 2026 जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत शनिवार को टांडा स्थित मनसब अली स्टेडियम में कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका परिषद टांडा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जनगणना कार्य में लगाए गए कर्मचारियों को परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्र करने और उसे ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी वंदना शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन की ओर से नामित फील्ड ट्रेनरों ने कर्मचारियों को जनगणना की कार्यप्रणाली, आंकड़ों के संकलन तथा ऑनलाइन प्रविष्टियां दर्ज करने के निर्धारित तरीकों की जानकारी दी। साथ ही कार्य के दौरान सावधानी बरतने और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में गोहर अली, मोहम्मद मुस्तफा, उमर फारूक, सर्वेश कुमार, रवींद्र मोहन भटनागर, मोहम्मद नफीस, संजय कुमार यादव, इशरत अली और आसिफ अली सैफी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को उनके कार्य और कार्यक्षेत्र के बारे में भी अवगत कराया गया। उन्हें निर्देश दिए गए कि निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारी पूरी करें, ताकि जनगणना से संबंधित आंकड़े सही और व्यवस्थित रूप से दर्ज किए जा सकें।
अधिशासी अधिकारी वंदना शर्मा ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अहम है। उन्होंने कर्मचारियों से प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी को गंभीरता से समझने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की।
नगर पालिका परिषद टांडा की ओर से जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण और आवश्यक व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।
