IMG-20261101-WA0011
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Sun, 01 Nov 2026 07:22 GMT+0530

जिला अस्पताल की इमरजेंसी में घायल महिला को नहीं मिलीं दवाइयां, निजी मेडिकल स्टोर की पर्ची थमाने का आरोप

सीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना लिखित शिकायत के भी जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई का दिया आश्वासन

रामपुर। 31 अक्टूबर 2026 जिला अस्पताल की इमरजेंसी में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार रात करीब 11 बजे घायल पत्नी को उपचार के लिए लेकर पहुंचे नाजिम ने अस्पताल के कर्मचारियों पर दवाइयां उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया। नाजिम के मुताबिक, इमरजेंसी स्टाफ ने दवाइयां सुबह मिलने की बात कहते हुए उन्हें एक निजी मेडिकल स्टोर की पर्ची थमा दी और बाहर से दवाइयां खरीदकर लाने को कहा।

मामले की जानकरी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. दीपा सिंह ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लिखित शिकायत के भी प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार सरकारी अस्पताल में उपचार कराने आने वाले मरीजों या उनके तीमारदारों से निजी मेडिकल स्टोर से दवाइयां मंगवाना गलत है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को भी पहले कई बार स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं।

अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और मरीज के परिजन की ओर से लगाए गए आरोपों पर अस्पताल प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।