राष्ट्रीय एकता दिवस पर एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिलाई एकता और अखंडता की शपथ
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की सुरक्षा एवं एकता बनाए रखने का लिया संकल्प
फईम अली सैफ़ी
बहजोई/संभल। 31 अक्टूबर 2026 भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर बहजोई स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने कार्यालय में मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और विचारों का अनुसरण करते हुए देश की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाना और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक एवं पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है।
शपथ ग्रहण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में पूर्ण योगदान देने का संकल्प लिया। एसपी ने आपसी सौहार्द, भाईचारे और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने तथा पुलिस विभाग की गरिमा के अनुरूप जनसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह सहित पुलिस कार्यालय के समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
