खेत में पानी लगा रहे किसान पर दो अज्ञात युवकों का हमला, मारपीट कर सामान लेकर फरार, शाहबाद के नवीनगंज कदीम गांव के पास वारदात,
शाहबाद। 31 अक्टूबर 2026 क्षेत्र में खेत पर काम कर रहे एक किसान के साथ मारपीट कर उसका सामान लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। नवीनगंज कदीम गांव निवासी किसान नरेश पर दो अज्ञात युवकों ने उस समय हमला कर दिया, जब वह खेत में पानी लगा रहे थे। हमले में किसान घायल हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावर मारपीट करने के बाद उनका सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को नरेश महेवा गांव के जंगल में स्थित अपने खेत पर पानी लगा रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत के बाद पीने के लिए पानी मांगा। किसान ने उन्हें पानी पिलाया और इसके बाद दोबारा खेत में काम करने लगे। आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों युवकों ने अचानक नरेश पर हमला कर दिया और मारपीट करने के बाद उनका सामान लेकर भाग निकले।
घटना की जानकारी आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों को हुई तो वे मौके पर पहुंचे। घायल नरेश को महेवा गांव में रहने वाली उनकी बेटी के पास ले जाया गया। बाद में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहबाद लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
सूचना मिलने पर शाहबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे और घायल किसान से घटना के संबंध में जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है। हमलावर कौन थे और वारदात के पीछे क्या वजह रही, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
