ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से टेम्पो पलटा, छह लोग घायल, बिलासपुर के जीरो प्वाइंट के पास हादसा, गंभीर घायल बुजुर्ग किसान जिला अस्पताल रेफर
विशेष संवाददाता
बिलासपुर/मिलक। 31 अक्टूबर 2026 नैनीताल रोड स्थित जीरो प्वाइंट के पास शनिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से सवारियों से भरा टेम्पो सड़क पर पलट गया। हादसे में टेम्पो चालक समेत छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों में मिलक क्षेत्र के गांव पीपलसाना निवासी किसान रामप्रसाद (65), उनकी पत्नी रामदुलारी (60) और पोती पायल (17) शामिल हैं। सूचना पर पहुंचे लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मणिक अग्रवाल ने बताया कि गंभीर रूप से घायल रामप्रसाद को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को मामूली चोटें आई थीं। उपचार के बाद वे घर चले गए।
रामदुलारी के मुताबिक, वह अपने पति और पोती के साथ मेहमानदारी में उत्तराखंड के रुद्रपुर गई थीं। वहां से सवारियां लेकर टेम्पो नगर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान जीरो प्वाइंट के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टेम्पो में टक्कर मार दी, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मामले में घायल पक्ष की ओर से अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
