शाहबाद में जनगणना कार्य शुरू, प्रगणकों ने घर-घर जाकर जुटाई जानकारी
संवाददाता मुस्तफा अली एडवोकेट
शाहबाद। नगर के मोहल्ला सादात में शुक्रवार को जनगणना कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत में नियुक्त प्रगणक सैयद मुजीब मियां एवं विजय कुमार ने क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर लोगों से आवश्यक जानकारी एकत्रित की। जनगणना को लेकर मोहल्ले में जागरूकता और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
प्रगणकों ने प्रत्येक परिवार से सदस्यों की जानकारी प्राप्त की। जिन लोगों ने पहले ही ऑनलाइन डाटा जमा कर दिया था, उनसे आईडी एवं संबंधित विवरण लिए गए, जबकि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी न कर पाने वाले लोगों का डाटा मौके पर ही ऑनलाइन दर्ज कराया गया। इस दौरान नागरिकों को जनगणना के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
प्रगणक सैयद मुजीब मियां ने बताया कि जनगणना कार्य को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न कराया जा रहा है और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सरल एवं पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रगणकों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सैयद मुजीब मियां विनम्र व्यवहार के साथ लोगों से जानकारी जुटा रहे हैं, जिससे नागरिकों को सहयोग करने में आसानी हो रही है। लोगों ने उनके कार्य के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की प्रशंसा की।
जनगणना कार्य के दौरान नागरिकों से सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि शासन को सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें और भविष्य की योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
