तपती धूप में श्रीजी संकीर्तन महिला मंडल ने राहगीरों को पिलाया शीतल शरबत
संवाददाता मुस्तफा अली एडवोकेट
शाहबाद। जेठ दशहरा के पावन अवसर पर नगर के चंदौसी रोड स्थित शिव मंदिर पर श्रीजी संकीर्तन महिला मंडल शाहबाद की ओर से शीतल शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच आयोजित इस सेवा कार्य ने राहगीरों और शिव भक्तों को बड़ी राहत पहुंचाई।
कार्यक्रम के तहत महिला मंडल की सदस्याएं सुबह लगभग 8 बजे से ही शिव मंदिर परिसर में एकत्रित हो गईं और श्रद्धालुओं तथा राहगीरों के लिए ठंडे शरबत की व्यवस्था शुरू कर दी। महिलाओं ने शीतल जल में बर्फ, चीनी और रूहअफ्जा मिलाकर स्वादिष्ट शरबत तैयार किया, जिसे दिनभर लोगों को वितरित किया गया।
शरबत वितरण शिविर में दोपहिया वाहन चालकों, चारपहिया वाहन सवारों, ऑटो चालकों, बस यात्रियों, साइकिल सवारों और पैदल राहगीरों ने रुककर शरबत पिया तथा महिला मंडल के इस सेवा भाव की सराहना की। तपती लू और उमस भरी गर्मी के बीच ठंडा शरबत पीकर लोगों को काफी राहत और तरावट महसूस हुई।
महिला मंडल की सदस्यों ने कहा कि भीषण गर्मी में राहगीरों की सेवा करना पुण्य का कार्य है और भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं धार्मिक सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा लोगों ने महिला मंडल के प्रयास की प्रशंसा की।
