पत्रकार नसीम अहमद की हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग, पीड़ित परिवार को मिले एक करोड़ की सहायता
शाहबाद पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर उठाईं छह प्रमुख मांगें
शाहबाद। 24 अक्टूबर 2026 जनपद हापुड़ के पत्रकार नसीम अहमद की हत्या के मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर शाहबाद पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है। उपजिलाधिकारी शाहबाद के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में दिवंगत पत्रकार के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, एक पात्र सदस्य को सरकारी नौकरी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने समेत छह मांगें उठाई गई हैं।
एसोसिएशन ने ज्ञापन में कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं, भ्रष्टाचार और अन्याय को अपनी लेखनी के माध्यम से उजागर कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकार की हत्या की घटना चिंताजनक है। इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर घटना में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक पात्र सदस्य को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने तथा पत्रकारों के साथ मारपीट, धमकी और उत्पीड़न की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग भी की गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित माहौल मिलना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। ज्ञापन पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हस्ताक्षर किए।
