आजमगढ़। महिला सदर अस्पताल से एक गर्भवती महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया है। पीड़ित पति की तहरीर पर कोतवाली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मेहनगर थाना क्षेत्र निवासी युवक मंगलवार सुबह करीब 11:15 बजे अपनी 21 वर्षीय गर्भवती पत्नी को दिखाने महिला सदर अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान युवक शौचालय जाने के लिए कुछ समय के लिए बाहर गया। जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी मौके से गायब थी।
पति द्वारा अस्पताल परिसर और आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। बताया गया कि महिला का मोबाइल फोन भी पति के पास ही था, जिससे उससे संपर्क नहीं हो सका। घटना के बाद से पति गहरे सदमे में है और उसने पत्नी के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई है।
पीड़ित पति ने पुलिस को दी गई तहरीर में आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस संबंध में महिला सदर अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें महिला अस्पताल में आती हुई और कुछ देर बाद टहलते हुए बाहर निकलती हुई दिखाई दे रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और महिला की सकुशल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
