शाहबाद। साप्ताहिक अवकाश के बाद बैंकों के खुलते ही शाहबाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवकीनंदन ने कस्बे के प्रमुख बैंकों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैंक परिसरों और एटीएम केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत भारतीय स्टेट बैंक से की गई, जहां सीओ ने बैंक में आए ग्राहकों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। साथ ही बैंक परिसर में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। एटीएम बूथों पर तैनात सुरक्षा गार्डों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत शाहबाद पुलिस को सूचित करें।
क्षेत्राधिकारी देवकीनंदन ने बताया कि अवकाश के बाद सोमवार को बैंकों में लेनदेन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ऐसे में सुरक्षा के मद्देनज़र बैंक के अंदर और बाहर आने-जाने वाले लोगों की जांच की गई। एटीएम तथा बैंक के भीतर लेनदेन कर रहे ग्राहकों की भी सतर्कता के साथ निगरानी की गई, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि बैंक कर्मियों और सुरक्षा गार्डों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा पुलिस लगातार बैंक क्षेत्रों में गश्त कर रही है। पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में अपने बैंकिंग कार्य संपन्न कर सकें।
इस औचक निरीक्षण से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है, वहीं असामाजिक तत्वों में पुलिस की सक्रियता का स्पष्ट संदेश गया है।