बिलारी में रमजान व होली को लेकर अमन कमेटी की बैठक, प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की
बिलारी में रमजान व होली को लेकर अमन कमेटी की बैठक, प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की
संवाददाता:- सय्यद आरिफ़ मियाँ
बिलारी। कोतवाली परिसर में आगामी माह-ए-रमजान और होली पर्व के मद्देनज़र अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी (सीओ) अशोक कुमार ने की, जबकि कोतवाली प्रभारी उदयपाल सिंह भी मौजूद रहे। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु, व्यापारी प्रतिनिधि तथा विभिन्न समुदायों के संभ्रांत लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ अशोक कुमार ने कहा कि रमजान और होली दोनों पर्व सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दिया जाए और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली प्रभारी उदयपाल सिंह ने बताया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट से माहौल खराब न हो।
बैठक में उपस्थित सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और आपसी समन्वय के साथ दोनों पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की प्रतिबद्धता जताई।
अंत में प्रशासन की ओर से नगरवासियों से अपील की गई कि वे परंपराओं और कानून का पालन करते हुए त्योहार मनाएं तथा क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखें।
