IMG_20260217_123247351
BY: मुस्तफा अली सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Tue, 17 Feb 2026 19:35 GMT+0530

शाहबाद पुलिस ने सीएचसी पर हुई चोरी का किया खुलासा,दो गिरफ्तार

शाहबाद। (जदीद न्यूज) शाहबाद पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर स्थित सरकारी आवास में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान एवं नकदी भी बरामद कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाजिया निगार पुत्री इखलास मियां, जो सीएचसी शाहबाद में कार्यरत हैं, के सरकारी आवास का अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लगभग 8 ग्राम सोने की चेन, 4 ग्राम की अंगूठी तथा 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। घटना के संबंध में थाना शाहबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक रमेश चंद्र द्वारा की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी शाहबाद देवकी नंदन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर ग्राम हिम्मतपुर मोड़ के निकट देर रात लगभग 11:15 बजे फहीम खां उर्फ बाबू (26) पुत्र नवाब तथा शीलत (25) पुत्र शौकत निवासी ग्राम जनेटा, थाना बनियाठेर, जनपद संभल को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, एक अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी फहीम खां उर्फ बाबू की निशानदेही पर चोरी का माल एवं नकदी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात्रि में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने लगभग आठ-नौ दिन पूर्व सरफराज उर्फ फैज पुत्र शमीम निवासी जनेटा, बनियाठेर (संभल) के साथ मिलकर सीएचसी परिसर स्थित आवास में चोरी करने की बात कबूल की। इसके अतिरिक्त आरोपियों ने ग्राम ढकिया तथा शाहबाद टांडा क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है तथा प्रकरण में विधिक कार्रवाई जारी है।