रामपुर: गबन मामले में सैफनी नगर पंचायत चेयरमैन व तत्कालीन ईओ पर कार्रवाई की संस्तुति
ब्यूरो चीफ
रामपुर (संवाददाता)। जनपद की सैफनी नगर पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित गबन का मामला सामने आया है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद कमिश्नर स्तर से शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजी गई है, जिससे विभागीय हलकों और स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार सपा से जुड़े नगर पंचायत सैफनी के चेयरमैन फैजान खान तथा तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) पुनीत राठौर पर विकास कार्यों में अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। जनवरी माह में नौ सभासदों ने प्रमुख सचिव व मुख्यमंत्री को शिकायत पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिना बोर्ड की बैठक कराए कई कार्यों को स्वीकृति दी गई और फर्जीवाड़े के माध्यम से भुगतान कराया गया। आरोप यह भी है कि लगभग 20 हैंडपंपों की स्थापना में भारी वित्तीय अनियमितता की गई, जिनकी वास्तविक लागत 10 से 15 हजार रुपये बताई जाती है, जबकि भुगतान 50 हजार रुपये प्रति हैंडपंप दर्शाया गया।
इसके अतिरिक्त ‘ओपन जिम’ योजना में भी वित्तीय गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर से मंडलायुक्त से रिपोर्ट तलब की गई थी। इसके बाद अपर आयुक्त (द्वितीय) स्तर से जांच कराई गई, जिसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई है। जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है, जिस पर आगे की कार्रवाई अपेक्षित है।
मंडलायुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पालिकाध्यक्ष एवं तत्कालीन ईओ के विरुद्ध आरोपों की जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी गई है।
फिलहाल इस प्रकरण में शासन स्तर से अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा की जा रही है।
