IMG-20260228-WA0024
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 28 Feb 2026 21:20 GMT+0530

थाना कुंदरकी क्षेत्र में टेंपो–अज्ञात वाहन की आमने-सामने टक्कर, दो की हालत गंभीर, कई घायल

सम्वाददाता :-सय्याद आरिफ मियां

कुंदरकी (मुरादाबाद): थाना कुंदरकी क्षेत्र के ग्राम कुलवाड़ा में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार एक टेंपो और अज्ञात वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब टेंपो गांव की ओर जा रहा था और सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

क्षतिग्रस्त वाहन

सूचना मिलते ही थाना कुंदरकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।