PNB शाखा में हंगामा: व्यापारी को “दलाल” कहकर किया अपमानित, मैनेजर पर गंभीर आरोप
PNB शाखा में हंगामा: व्यापारी को “दलाल” कहकर किया अपमानित, मैनेजर पर गंभीर आरोप
रामपुर (उत्तर प्रदेश), 16 मार्च 2026: रामपुर के शाहाबाद क्षेत्र में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की खरसौल शाखा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक स्थानीय व्यापारी ने बैंक के शाखा प्रबंधक पर खुलेआम अपमान और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए।
शाहाबाद के निवासी और भारत फूड्स एंड कंपनी के मालिक मोहम्मद हनीफ का आरोप है कि सोमवार दोपहर करीब 1 बजे जब वे अपने परिचित श्री छोटे के साथ सोलर योजना से जुड़ी फाइल के सिलसिले में बैंक पहुंचे, तो वहां मौजूद शाखा प्रबंधक ने अचानक उनके साथ बहस शुरू कर दी।
हनीफ के मुताबिक, मामला इतना बढ़ गया कि बैंक मैनेजर ने सबके सामने उन्हें “दलाल” जैसे आपत्तिजनक शब्द कहकर अपमानित किया। उन्होंने बताया कि मैनेजर का रवैया बेहद आक्रामक था और कई बार ऐसा लगा मानो वे हाथापाई पर उतर आएंगे।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब पहले उन्हें मैनेजर के केबिन से बाहर निकाला गया और फिर पूरे बैंक परिसर से ही जाने के लिए कह दिया गया।
इस पूरी घटना से बैंक में मौजूद लोगों के बीच भी हड़कंप मच गया और हनीफ को सार्वजनिक रूप से भारी अपमान और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।
मोहम्मद हनीफ ने इस मामले की शिकायत बैंक के उच्च अधिकारियों से कर दी है और मांग की है कि घटना के समय की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर बैंक प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया, तो वे इस शिकायत को भारतीय रिजर्व बैंक तक ले जाएंगे और जरूरत पड़ने पर पुलिस में भी मामला दर्ज कराएंगे।
