IMG-20260316-WA0240
BY: मुस्तफा अली सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Tue, 17 Mar 2026 19:28 GMT+0530

शाहबाद: मस्जिद रज़ा-ए- मुस्तफा में 27वीं तरावीह पर कुरआन मुकम्मल, दुआओं से गूंजा माहौल

शाहबाद (रामपुर), 17 मार्च: रमज़ान के मुबारक महीने में इबादतों का सिलसिला अपने चरम पर है। इसी क्रम में शाहाबाद की बाजार स्थित मस्जिद रज़ा-ए-मुस्तफा में 27वीं तरावीह के मौके पर कुरआन शरीफ मुकम्मल किया गया। इस अवसर पर मस्जिद का माहौल पूरी तरह रूहानी रंग में रंगा नजर आया और बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की।

मस्जिद में तरावीह की नमाज़ के दौरान हाफिज मोहम्मद राशिद रज़ा ने अपनी खूबसूरत और दिलकश आवाज में पूरे रमज़ान भर कुरआन पाक की तिलावत की, जिसे सुनकर नमाजियों पर खास असर पड़ा। वहीं हाफिज गुलाम ने कुरआन शरीफ को सुना और खत्म शरीफ के मौके पर रमज़ान की फज़ीलत और अहमियत पर तफसील से बयान किया।

उन्होंने कहा कि रमज़ान का महीना तमाम महीनों से अफजल है, जिसमें हर नेक अमल का सवाब कई गुना बढ़ा दिया जाता है। इस पाक महीने में मुसलमान रोज़े रखकर, इबादतों में मशगूल रहकर और कुरआन की तिलावत करके अल्लाह की रज़ा हासिल करते हैं।

कुरआन मुकम्मल होने के बाद खास दुआ का एहतमाम किया गया, जिसमें मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गईं। इसके बाद शिरनी पर फातिहा ख्वानी की गई और तबर्रुक तकसीम किया गया।

इस मौके पर इमरान रज़ा, रफीक मलिक, असलम मलिक, आरिफ मलिक, इरफान मलिक, जावेद अली सैफी, अकबर सैफी, बबलू अली समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मस्जिद में देर रात तक इबादत और दुआओं का सिलसिला जारी रहा, जिससे पूरा माहौल इमान अफरोज बन गया।