IMG20260321084805
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 21 Mar 2026 10:30 GMT+0530

सैफनी में अकीदत के साथ अदा की गई ईद की नमाज़, अमन-चैन की मांगी दुआएं

संवाददाता महफ़ूज़ सकलैनी

सैफनी। ईद के मुबारक मौके पर सैफनी में शनिवार सुबह ईद की नमाज़ बड़े ही अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। तय समय के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे ईदगाह में नमाज़ अदा की गई, जिसमें सैकड़ों की तादाद में नमाज़ियों ने शिरकत की।

नमाज़ की इमामत शहर इमाम कारी अतीकुर्रहमान साहब ने कराई। नमाज़ के बाद उन्होंने खुत्बा पेश किया और मुल्क में अमन, भाईचारे और तरक्की के लिए खास दुआएं कराईं। इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं।

सिर्फ सैफनी ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग नमाज़ अदा करने ईद गाह पहुंचे। इनमें ललवारा, भजनपुर, बेरूआ, छितौनी, चंद्रपुर कलां और सागरपुर सहित अन्य गांवों के नमाज़ी शामिल रहे। ईदगाह का माहौल पूरी तरह से रौनक और भाईचारे की मिसाल बना रहा।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। ईदगाह और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की भारी तैनाती रही, जिससे नमाज़ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकी। वहीं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और शांति का माहौल बना रहा, जिससे यह त्योहार आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देता नजर आया।