IMG-20260322-WA0006
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sun, 22 Mar 2026 13:19 GMT+0530

सैफ़नी के जेई  ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, इलाके में सनसनी

मुस्तफा अली एडवोकेट

शाहबाद। सैफ़नी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब विद्युत विभाग में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) रविंद्र मिश्रा ने बीती रात लगभग 11:30 बजे शाहबाद के बिलारी रोड स्थित अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविंद्र मिश्रा सैफ़नी क्षेत्र में जेई के पद पर कार्यरत थे और शाहबाद के बिलारी रोड पर किराए के मकान में रह रहे थे। बीती रात उन्होंने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब आसपास के लोगों ने काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद देखा और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां रविंद्र मिश्रा का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद से इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।