राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के विरोध में मुरादाबाद में भड़का आंदोलन, थानों का घेराव कर किसानों ने किया धरना-प्रदर्शन
सय्यद आरिफ मियां
मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की उड़ीसा में गिरफ्तारी के विरोध में जनपद मुरादाबाद में किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। संगठन के आह्वान पर जिले भर के विभिन्न थानों पर कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, उड़ीसा में प्रशासन द्वारा राकेश टिकैत को गिरफ्तार किए जाने और उनकी सभा को अनुमति न दिए जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने जिले के सभी ब्लॉकों और तहसीलों में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसी क्रम में सोमवार को मुरादाबाद जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हुए और थानों का घेराव कर धरने पर बैठ गए।

धरना-प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि यह कार्रवाई किसान नेताओं की आवाज दबाने की साजिश है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि राकेश टिकैत को तुरंत सम्मानपूर्वक रिहा किया जाए और किसानों को अपनी बात रखने का लोकतांत्रिक अधिकार दिया जाए।
जिला अध्यक्ष घनेंद्र शर्मा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक अध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक राष्ट्रीय प्रवक्ता को रिहा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर पुलिस प्रशासन के साथ किसानों की नोकझोंक भी देखने को मिली, हालांकि स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा गया।
किसानों ने प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। फिलहाल जनपद में स्थिति शांतिपूर्ण लेकिन तनावपूर्ण बनी हुई है और सभी की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।
