हयात नगर में सिंथेटिक दूध का काला कारोबार बेनकाब, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
सय्यद आरिफ मिया
हयात नगर। थाना क्षेत्र के हयात नगर इलाके में मिलावटी और सिंथेटिक दूध का बड़ा खेल उजागर होने से हड़कंप मच गया है। इलाके में संचालित आधा दर्जन से अधिक दूध डेरीयों पर बड़े पैमाने पर नकली दूध तैयार किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पूरे मामले की परतें खोल दी हैं।
बताया जा रहा है कि डेरी संचालक पहले दूध से क्रीम निकाल लेते हैं और उसके बाद उसमें डिटर्जेंट, रिफाइंड तेल सहित अन्य हानिकारक पदार्थ मिलाकर उसे दोबारा दूध के रूप में तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहे हैं। वायरल वीडियो में शाहिद डेरी में दूध से क्रीम निकालते और संदिग्ध तरीके से मिलावट करते हुए स्पष्ट दृश्य दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह काला गोरखधंधा लंबे समय से धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि खुलेआम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो शाहिद डेरी सहित आधा दर्जन से अधिक डेरी इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
क्षेत्रवासियों ने खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन से तत्काल छापेमारी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस गंभीर मामले में क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं या फिर यह गोरखधंधा यूं ही चलता रहेगा।
