शाहबाद क्षेत्र के सैफनी में मासूम से मारपीट, शिकायत करने पर परिजनों को भी दी धमकी
मुस्तफा अली एडवोकेट
रामपुर। जनपद के शाहबाद क्षेत्र के सैफनी में एक मासूम बच्चे के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि करीब 8 वर्षीय बच्चा अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत करने दूसरे बच्चे के घर गया था। आरोप है कि वहां मौजूद आरोपी के चाचा ने बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना से बच्चा सहम गया और घायल हो गया।

पीड़ित बच्चे के परिजन जब इस संबंध में शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे तो उन्हें भी धमकाया गया। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
घटना के बाद बच्चे का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें शरीर पर चोटों की पुष्टि हुई है। मेडिकल रिपोर्ट में कुहनी के पास खरोंच और पेट के हिस्से में सूजन/नील पाए जाने की बात सामने आई है। डॉक्टरों ने चोटों को साधारण प्रकृति का बताया है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNSS) 2023 की धारा 115(2), 352 और 351(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
