रामपुर: पुलिस अधीक्षक का थाना शाहबाद पर औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश
मुस्तफा अली एडवोकेट
शाहबाद। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा शुक्रवार को थाना शाहबाद का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए वहां रखे शस्त्रों की साफ-सफाई, रखरखाव और संबंधित रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही थाना कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव तथा उनमें अंकित की जाने वाली प्रविष्टियों की स्थिति भी जांची गई।

मालखाना और हवालात का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। थाना परिसर में स्थित भोजनालय और बैरक की व्यवस्थाओं को भी परखा गया तथा पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

इस दौरान महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया गया, जहां महिला संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण और संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए गए। वहीं सीसीटीएनएस (CCTNS) सिस्टम की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए इसे और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने साफ-सफाई और अनुशासन को प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि थाना परिसर की व्यवस्थाएं हमेशा दुरुस्त रहनी चाहिए, जिससे आमजन को बेहतर पुलिस सेवा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ मौजूद रहा और अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
