IMG-20260407-WA0009
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Tue, 07 Apr 2026 19:57 GMT+0530

शाहबाद पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन ने नवागत एसपी से की शिष्टाचार भेंट, गीता भेंट कर किया सम्मान

शाहबाद (रामपुर): शाहबाद पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन (रजि.) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को रामपुर पहुंचकर नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संगठन की ओर से एसपी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया और उन्हें श्रीमद् भागवत गीता भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुलाकात के दौरान संगठन के अध्यक्ष आफताब के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सोमेंद्र मीणा से पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। अध्यक्ष आफताब ने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई और सहयोग का भी अनुरोध किया।

संगठन के संरक्षक वीपी विद्यार्थी ने एसपी को श्रीमद् भागवत गीता भेंट करते हुए उनके कार्यकाल के सफल और निष्पक्ष रहने की कामना की। वहीं महासचिव सिफत मियां और कार्यकारी अध्यक्ष राजीव कुमार भटनागर ने एसपी को संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों और अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर संगठन के संस्थापक एहसान खान ने कहा कि पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन हमेशा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन जनहित के मुद्दों को जिम्मेदारी के साथ उठाता रहेगा।

मुलाकात के दौरान एसपी सोमेंद्र मीणा ने भी पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा और उनके मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष आफताब, महासचिव सिफत मियां, संरक्षक वीपी विद्यार्थी, संस्थापक एहसान खान, कार्यकारी अध्यक्ष राजीव कुमार भटनागर, संयुक्त सचिव फैज़ी खान, सचिव तकरीर अहमद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।