रास्ते में रोककर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने पर मुकदमा दर्ज
संवाददाता : मुस्तफा अली एडवोकेट
शाहबाद। नगर शाहबाद में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। पीड़िता की तहरीर पर शाहबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला अफगनान निवासी तय्यबा पुत्री असलम शाह ने कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह किसी कार्य से जा रही थी, तभी रास्ते में कय्यूम पुत्र बाबू शाह, महमूद पुत्र बाबू शाह, रिजवान पुत्र बाबू शाह तथा तालिब पुत्र अय्यूम शाह ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता कोतवाली पहुंची और पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए शाहबाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
