पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में देर रात बॉर्डर पर चला सघन वाहन चेकिंग अभियान
संवाददाता : मुस्तफा अली एडवोकेट
शाहबाद। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार देर रात्रि शाहबाद थाना क्षेत्र के बदायूं बॉर्डर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक ने किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संदिग्ध वाहनों की गहन जांच कर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने आने-जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली तथा वाहन चालकों से आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। अभियान में बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 35 वाहनों का चालान किया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और सतर्कता के साथ वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी , प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
