file_0000000033fc7209a37d37f3769a0d23
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sun, 24 May 2026 22:14 GMT+0530

युवती से मारपीट व दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, आरोपी युवक पर मुकदमा दर्ज

संवाददाता : मुस्तफा अली एडवोकेट

शाहबाद। थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ मारपीट एवं दुष्कर्म के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर शाहबाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव लोधीपुर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बीती 22 मई की दोपहर लगभग दो बजे गांव निवासी निगम पुत्र नन्हे उसके घर में घुस आया। उस समय उसकी बेटी घर में अकेली थी। आरोप है कि युवक ने युवती को बुरी नीयत से पीछे से पकड़ लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।

पीड़िता के पिता का आरोप है कि जब युवती ने आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपी ने डंडे से मारपीट की तथा दुष्कर्म करने का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक निगम पुत्र नन्हे के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।