file_00000000997072088810a821b78ec70e
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Tue, 26 May 2026 21:04 GMT+0530

होमगार्ड पर विधवा महिला से लाखों की धोखाधड़ी का आरोप, एस पी के बाद अब मुख्यमंत्री से गुहार।

संवाददाता : मोहित वाशिष्ठ 

सैफनी। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात एक होमगार्ड पर एक बेसहारा विधवा महिला और उसके परिवार के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी, साक्ष्य मिटाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक रामपुर से न्याय न मिलने पर पीड़ित परिवार ने अब सीधे मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है,मामला रामपुर जिले के थाना सैफनी क्षेत्र के मोहल्ला पुरानी ईदगाह का है। पीड़िता दुर्गेश पत्नी स्वर्गीय मित्रपाल जो पकौड़ी का ठेला लगाकर बमुश्किल अपने परिवार का भरण-पोषण करती है, पीड़िता ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम खरसोल निवासी भगवानदास उर्फ कुंदनपाल, जो वर्तमान में यूपी पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात है, ने करीब 10 वर्ष पूर्व उसे झांसा देकर एक बीमा पॉलिसी शुरू करवाई थी। पीड़िता के अनुसार, वह आरोपी को ₹6,000 की छमाही किस्त देती रही। इस तरह उसने कुल ₹1,20,000 जमा किए। आरोपी ने वादा किया था कि बेटी की शादी के समय उसे ₹1,500,000 की धनराशि मिलेगी। आरोप है कि जब “बीमा पूरा होने” का समय आया, तो आरोपी ने शातिराना तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार किए और कंपनी से पैसे दिलाने का बहाना बनाकर पीड़िता के पास मौजूद सभी असली रसीदें व साक्ष्य धोखे से अपने कब्जे में ले लिए, ताकि कोई सबूत न बचे। बीती 7 मई 2026 को पीड़िता की बेटी का विवाह था, जिसके लिए उसने लोगों से कर्ज लिया। जब पीड़िता 5 मई 2026 को अपने पैसे मांगने आरोपी के घर गई, तो उसने पैसे देने से साफ मना कर दिया। आरोप है कि भगवानदास और उसके पुत्र विशाल चंद्रा ने पीड़िता को डरा-धमकाकर सादे कागजों पर अंगूठा लगवाने का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट की और यह कहते हुए जान से मारने की धमकी दी कि— “मैं खुद पुलिस में हूँ, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपी ने केवल दुर्गेश ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को ठगी का शिकार बनाया है और लगभग 4 लाख 44 हजार रुपए की ठगी का आरोप लगाया है।पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने 5 मई 2026 को सैफनी पुलिस को और 11 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक रामपुर को लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि एसपी को प्रार्थना पत्र दिए 14 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक स्थानीय स्तर पर कोई ठोस सुनवाई या कार्रवाई नहीं हुई है।थक-हारकर अब पीड़ित रामकुंवर, राजेंद्र, नरेश, भूपकली और दुर्गेश ने मुख्यमंत्री से अपनी गाढ़ी कमाई वापस दिलाने और आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।