WhatsApp Image 2026-05-27 at 11.49.37 AM (1)
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Wed, 27 May 2026 17:54 GMT+0530

ईदुज्जुहा पर्व को लेकर भीकनपुर कुलबाड़ा में पीस कमेटी की जन चौपाल आयोजित

संवाददाता सय्यद आरिफ मियां

कुन्दरकी। आगामी पर्व ईदुज्जुहा के मद्देनज़र थाना कुन्दरकी क्षेत्र के ग्राम भीकनपुर कुलबाड़ा में शनिवार को शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पीस कमेटी की जन चौपाल आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन सरकारी विद्यालय परिसर में शाम लगभग 5:30 बजे किया गया, जिसकी अध्यक्षता नवनियुक्त थानाध्यक्ष कुन्दरकी हमवीर सिंह जादौन ने की।

जन चौपाल के दौरान थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में ईदुज्जुहा पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार सभी के लिए खुशियों और मेल-मिलाप का संदेश लेकर आते हैं, इसलिए सभी लोग मिलजुल कर इस पावन पर्व को हंसी-खुशी एवं उल्लास के साथ मनाएं। साथ ही उन्होंने कुर्बानी के दौरान शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा साफ-सफाई एवं सावधानी बरतने पर विशेष जोर दिया।

थानाध्यक्ष ने गांव में असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने का प्रयास करे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी।

इस अवसर पर गांव के लोगों ने नवनियुक्त थानाध्यक्ष हमवीर सिंह जादौन का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

जन चौपाल में तस्लीम खान, डॉ. सालिम हुसैन, नूर अली ठेकेदार, आमिर, कल्लू भाई, आलेनबी, फहीम शाह, प्रधान पति, पूर्व प्रधान सहित गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।