बिजली बिल के विवाद में महिला से मारपीट का आरोप, थाने में दी तहरीर
संवाददाता : मोहित वाशिष्ठ
सैफनी। थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर में बिजली बिल के बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने थाना सैफनी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम करनपुर निवासी यासमीन पत्नी यूनुस ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति चार भाइयों में सबसे बड़े हैं और वह अलग रहकर अपना परिवार चलाते हैं। पीड़िता के अनुसार घर में सभी भाइयों और सास-ससुर का एक ही बिजली कनेक्शन है, जिसका करीब छह हजार रुपये का बिल आया था। आरोप है कि उसकी सास तस्वीरन उससे बिजली बिल का आधा हिस्सा मांग रही थीं, जबकि उसके घर में केवल एक कूलर और एक बल्ब का ही इस्तेमाल होता है।
पीड़िता का कहना है कि उसने अपने बिजली उपयोग के अनुसार बिल का चौथाई हिस्सा देने की बात कही, लेकिन इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान उसकी सास तस्वीरन, ससुर ताहिर हुसैन, ननद किशमत तथा देवर आरिफ, सोहिल और जावेर एक राय होकर लाठी-डंडे लेकर आ गए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति अक्सर घर से बाहर रहता है, जिससे उसे अपनी जान-माल का खतरा बना हुआ है। महिला ने थाना सैफनी पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
