file_000000002fd471faa9d50b61a6239d79
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Fri, 29 May 2026 20:22 GMT+0530

सैफनी में तेज रफ्तार रिनॉल्ट कार का कहर, बाइक सवार दंपत्ति गंभीर घायल

संवाददाता मोहित वाशिष्ठ

सैफनी। थाना क्षेत्र सैफनी के बिलारी-सैफनी मार्ग स्थित इंट्रीगल डिग्री कॉलेज के निकट शुक्रवार को तेज रफ्तार रिनॉल्ट कार ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सहसपुर निवासी 27 वर्षीय जुनेद पुत्र निवासी सहसपुर अपनी पत्नी 25 वर्षीय जेवा के साथ बाइक से अपनी ससुराल ग्राम आबला जनपद बरेली जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक बिलारी-सैफनी मार्ग पर इंट्रीगल डिग्री कॉलेज के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज गति से आ रही रिनॉल्ट कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दंपत्ति दूर जा गिरे।

हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए मौके पर दौड़ पड़े। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस एवं एम्बुलेंस सेवा को दी। इसके बाद दोनों घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रामपुर रेफर कर दिया। उधर दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।