file_000000007df47209a82dd86d6e290f4d
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 30 May 2026 12:12 GMT+0530

बैरुआ में दो पक्षों के बीच जमकर बवाल, लाठी-डंडे चले, छतों से हुआ पथराव; महिलाएं समेत कई घायल

संवाददाता मोहित वाशिष्ठ

सैफनी। थाना सैफनी क्षेत्र के ग्राम बैरुआ में शुक्रवार की शाम मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप धारण कर लिया। गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने पड़ोसी की छत पर चढ़कर दूसरे पक्ष के घर पर ईंट-पत्थरों की बरसात कर दी। इस घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बैरुआ निवासी मोहम्मद शमी पुत्र मोहम्मद अकरम ने थाना सैफनी में दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार को लगभग चार बजे वह अपने घर के बाहर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान गांव का फैजान पुत्र रिजवान वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी दी कि उसका चाचा गांव का प्रधान है और वह घर में घुसकर मारपीट करेगा।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ ही देर बाद फैजान ने अपने भाई सुभान, अरबाज तथा परिवार के उबेद पुत्र रहीस अहमद, रुखसाद पुत्र मुख्तार और अकरम पुत्र फरजंद अली को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और एकजुट होकर मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग जान बचाने के लिए घर के भीतर चले गए तथा मुख्य गेट बंद कर लिया।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद हमलावरों ने पड़ोसी अकरम पुत्र फरजंद अली और मुकर्रम पुत्र मुनव्वर के मकान की छत पर चढ़कर घर के भीतर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। काफी देर तक पथराव होता रहा, जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मारपीट और पथराव की इस घटना में शिफ्ते हसन, सुहेब अहमद, मोहम्मद शमी तथा सलमा पत्नी हबीब अहमद घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। महिलाओं के घायल होने की सूचना के बाद परिवार के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल देखने को मिला।

ग्रामीणों के अनुसार संघर्ष के दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी चोटिल हुए हैं। हालांकि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट और उपद्रव करने के आरोप लगा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

सूचना मिलने पर थाना सैफनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने घायलों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि पूरी घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जिसे जांच के लिए पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है और प्राप्त तहरीर व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। वीडियो फुटेज तथा अन्य तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।