IMG-20260530-WA0005
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 30 May 2026 20:31 GMT+0530

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर शाहबाद पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन का भव्य आयोजन, पत्रकारों को किया गया सम्मानित

संवाददाता मुस्तफा अली एडवोकेट

शाहबाद। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को शाहबाद पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) द्वारा नई बाजार स्थित संगठन कार्यालय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकत्र होकर हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास और लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत हिंदी पत्रकारिता के जनक माने जाने वाले पत्रकारों और साहित्यकारों के योगदान को याद करते हुए की गई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं बल्कि समाज को सही दिशा देने का एक सशक्त माध्यम है। पत्रकार अपने साहस, निष्पक्षता और समर्पण के बल पर समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “पंखों से उड़ान नहीं होती, उड़ान तो हौसलों से होती है, क्योंकि नसीब तो उनका भी होता है जिनके हाथ नहीं होते।” यह पंक्तियां पत्रकारों के संघर्ष, समर्पण और जज्बे को बखूबी प्रदर्शित करती हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य को सामने लाने का कार्य करते हैं और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सम्मान में विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित पत्रकारों को कलम और डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि हिंदी भाषा और पत्रकारिता के प्रति समर्पण व्यक्त करने का अवसर है। यह दिन पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में संरक्षक वीपी विद्यार्थी, अध्यक्ष आफताब, महासचिव सिफत मियां, संस्थापक एहसान खां, मार्गदर्शक सखावत अली, कार्यकारी अध्यक्ष राजीव भटनागर, आकाश शंकर, अभिषेक शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शराफत हुसैन हस्सानी, कोषाध्यक्ष मुस्तफा अली, संगठन मंत्री विनोद गुप्ता, महिला अध्यक्ष नेहा गुप्ता, विधिक सलाहकार सुहैल खां, उपाध्यक्ष जहीर खां, सुमित कश्यप, संयुक्त सचिव फैजी खां, कनिष्ठ उपाध्यक्ष शावेज़ छोटे, सचिव तकरीर अहमद, शान मोहम्मद, प्रचार मंत्री धर्मेंद्र सागर, सचिव इरफान मलिक, शावेज़ खां, कार्यालय प्रभारी राशिद अल्वी, तालिब, विकास मुल्तानी सहित संगठन के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने हिंदी पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ उठाने का संकल्प लिया। हिंदी पत्रकारिता दिवस के इस आयोजन ने पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और संगठनात्मक एकता को और अधिक मजबूत करने का कार्य किया।