IMG-20260701-WA0004
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Wed, 01 Jul 2026 07:26 GMT+0530

युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम किया अंतिम संस्कार, पुलिस जुटी जांच में

मुस्तफा अली एडवोकेट

शाहबाद। नगर के मोहल्ला अफगानान में सोमवार देर रात 21 वर्षीय युवक रोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, देर रात रोहित की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम और किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम से इनकार किए जाने के कारण मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक जांच कर रही है।