IMG-20261024-WA0000
BY: मोहम्मद राशिद सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 24 Oct 2026 06:05 GMT+0530

शाहबाद क्षेत्र के युवक समेत जीजा-साले की सड़क हादसे में मौत, एक घंटे बाद झाड़ियों में मिला साले का शव

संभल के बनियाठेर में अर्टिगा कार की बाइक से भिड़ंत, तीसरा रिश्तेदार गंभीर; कार चालक फरार

संभल/शाहबाद।23 अक्टूबर 2026 आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर बनियाठेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज रफ्तार अर्टिगा कार की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साले समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के गुजरेला गांव निवासी 18 वर्षीय सुमित भी शामिल है। हादसे के करीब एक घंटे बाद वह सड़क किनारे झाड़ियों में घायल अवस्था में मिला, जहां से अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, संभल के अफजलपुर डरौली गांव निवासी धर्मेंद्र (32) के घर नवदुर्गा महोत्सव के अवसर पर जागरण आयोजित हुआ था। इसमें शामिल होने के लिए उनका साला सुमित और बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र के नेवली गांव निवासी रिश्तेदार सोनू (19) आए थे। शुक्रवार को खाने का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद धर्मेंद्र बाइक से दोनों को चंदौसी छोड़ने जा रहे थे। रात करीब 8:40 बजे बनियाठेर क्षेत्र के टी-पॉइंट के पास बहजोई की ओर से आ रही अर्टिगा कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पुलिस धर्मेंद्र और सोनू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी ले गई, जहां धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। सोनू की गंभीर हालत देखते हुए उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। बाद में परिजनों ने पुलिस को बताया कि बाइक पर सुमित भी सवार था। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास तलाश शुरू की। करीब एक घंटे बाद सुमित झाड़ियों में मिला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा के मुताबिक, हाईवे से नीचे खाई में गिरी अर्टिगा कार को हाइड्रा मशीन की मदद से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धर्मेंद्र अपने पीछे पत्नी प्रीति और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।