शाहबाद में शिक्षक एमएलसी चुनाव में 87.34 प्रतिशत मतदान, 276 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग, 91 महिलाओं ने भी उत्साह से डाले वोट
शाहबाद। 23 अक्टूबर 2026 बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में शुक्रवार को विकासखंड शाहबाद स्थित मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। सुबह से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मतदान को लेकर शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला।
शाहबाद में कुल 316 मतदाताओं में से 276 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह यहां 87.34 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान करने वालों में 185 पुरुष और 91 महिलाएं शामिल रहीं। महिला मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
मतदान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम मुस्तैद रही। एसडीएम आदेश कुमार, सीओ देवकी नंदन, एआरओ उज्ज्वल अमरेश, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी धनंजय सिंह और बीडीओ धीरेंद्र सिंह चौहान सहित अधिकारियों ने मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस बल की तैनाती के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
