डूंगरपुर प्रकरण: आजम खां के बचाव में गवाह कामरान के बयान दर्ज
रामपुर। 23 अक्टूबर 2026 डूंगरपुर प्रकरण में शुक्रवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में सुनवाई हुई। सपा नेता आजम खां के बचाव में उनके अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने गवाह कामरान को पेश किया। गवाह ने दोपहर तीन बजे अदालत में अपने बयान दर्ज कराए। गवाही की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। अब अभियोजन पक्ष गवाह से जिरह करेगा।
डूंगरपुर प्रकरण वर्ष 2016 का है, जब प्रदेश में सपा सरकार थी और आजम खां कैबिनेट मंत्री थे। पुलिस लाइन के पास डूंगरपुर में गरीबों के लिए आसरा आवास बनवाए गए थे। आरोप है कि आवास निर्माण के लिए बस्ती के लोगों के मकान जबरन खाली कराकर ध्वस्त किए गए ऐसा आरोप है। वर्ष 2019 में इस संबंध में गंज कोतवाली में 11 लोगों की ओर से अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए थे।
शुरुआत में आजम खां का नाम मुकदमों में नामजद नहीं था। बाद में पुलिस ने अन्य आरोपियों के बयानों के आधार पर उन्हें भी आरोपी बनाया। डूंगरपुर प्रकरण के मुकदमों की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में चल रही है। छह मामलों में फैसला हो चुका है, जबकि पांच मामले अभी विचाराधीन हैं। इनकी सुनवाई एक साथ की जा रही है।
इस प्रकरण में आजम खां के अलावा पूर्व सीओ आले हसन खां, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमेंद्र चौहान, पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां और बरकत अली ठेकेदार समेत अन्य लोग भी आरोपी हैं। गवाह से अभियोजन पक्ष की जिरह के बाद मामले में आगे की सुनवाई होगी।
