1000945028_optimized_50
BY: मोहम्मद राशिद सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 24 Oct 2026 06:58 GMT+0530

रामपुर में शिक्षक एमएलसी चुनाव में 74.83 प्रतिशत मतदान, 24,142 शिक्षकों ने किया मताधिकार का प्रयोग

छह केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई मतदान प्रक्रिया,

रामपुर। 23 अक्टूबर 2026 बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को रामपुर जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चले मतदान में कुल 32,260 मतदाताओं में से 24,142 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह जिले में 74.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए थे। इनमें राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज, सैदनगर ब्लॉक, बिलासपुर, मिलक, शाहबाद और स्वार शामिल रहे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह सिसोदिया ने राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जिले में मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदान से पहले ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे, जिनका सभी केंद्रों पर पालन कराया गया।

मतदान के दौरान शिक्षकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और अपेक्षाओं को भी सामने रखा। शिक्षक नेमचंद ने अपार आईडी बंद किए जाने के मुद्दे पर ध्यान आकर्षित किया। वहीं, शिक्षिका राजेंद्र कौर ने अपने अधिकारों के लिए मतदान करने की बात कही। शिक्षक डिंपल अरोड़ा ने मतदान को अपना कर्तव्य बताते हुए शिक्षा और रामपुर के विकास की अपेक्षा जताई।

शिक्षिका गीता ने मांग की कि सरकारी शिक्षकों की तरह अन्य शिक्षकों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलना चाहिए। एक अन्य शिक्षक ने पुरानी पेंशन को अहम मुद्दा बताते हुए इस पर ध्यान देने की जरूरत जताई। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहे एक शिक्षक ने वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय का मुद्दा भी उठाया।

मतदान संपन्न होने के बाद सभी मतपेटियों को नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय के पास एकत्र किया गया। इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बरेली भेजे जाने की प्रक्रिया निर्धारित की गई। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में पूरी मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई।