1000945087_optimized_50
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Sat, 24 Oct 2026 08:25 GMT+0530

बालिका सशक्तिकरण को लेकर बीएसए ने की समीक्षा बैठक, 30 नवंबर तक प्रशिक्षण पूरा करने के निर्देश

रामपुर। 23 अक्टूबर 2026 बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपुर की अध्यक्षता में शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को मीना मंच प्रशिक्षण के मास्टर ट्रेनर्स (पावर एंजिल) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बालिकाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में मास्टर ट्रेनर दीपक पुंडीर, प्रभाकर गौतम, मनोज निमेष, सीमा गौहर और शबीना मसूरी उपस्थित रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से जिले के 634 उच्च प्राथमिक विद्यालयों, कंपोजिट विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में एक-एक शिक्षक या शिक्षिका को ब्लॉक स्तर पर सुगमकर्ता के रूप में प्रशिक्षित किया जाए। जिन विद्यालयों में महिला शिक्षिका नियुक्त नहीं है, वहां पुरुष शिक्षक को भी सुगमकर्ता बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सुगमकर्ता विद्यालयों में पावर एंजिल द्वारा आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के संचालन में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक शनिवार को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा संबंधित विद्यालयों में सहयोगात्मक पर्यवेक्षण करने को कहा गया।

बीएसए ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं का क्रियान्वयन 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। इसके अतिरिक्त सभी उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों तथा केजीबीवी में एमएचएम (मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन) क्लब का गठन कराते हुए जियो-टैग फोटो कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया। प्रशिक्षण के प्रत्येक दिवस की जियो-टैग फोटो भी प्रतिदिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बालिका सशक्तिकरण से संबंधित कार्यक्रमों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने और निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने पर विशेष जोर दिया गया।