1000945075_optimized_50
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Sat, 24 Oct 2026 08:10 GMT+0530

ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, नानकार और लोहा के खिलाड़ियों का रहा दबदबा, विजेता सम्मानित

मिलक/रामपुर। 23 अक्टूबर 2026 विकासखंड मिलक की ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा एवं शैक्षिक प्रतियोगिता कंपोजिट विद्यालय लोहा में आयोजित हुई। शुभारंभ कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। ब्लॉक व्यायाम शिक्षक महेंद्र गंगवार की देखरेख में हुई प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

50, 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़ सहित ऊंची कूद, लंबी कूद, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और सुलेख प्रतियोगिताएं हुईं। दौड़ में वंश यादव, सिमरन, मोहित, रोशनी, रिजवान, अर्जुन और स्वाती सहित कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कबड्डी के बालक-बालिका वर्ग में यूपीएस नानकार प्रथम और यूपीएस लोहा द्वितीय रहा। खो-खो के दोनों वर्गों में यूपीएस लोहा प्रथम और नानकार द्वितीय रहा। बैडमिंटन की एकल एवं युगल स्पर्धाओं में कंपोजिट स्कूल पुरैना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला अध्यक्ष रविंद्र गंगवार, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल और जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष एमपी पटेल सहित शिक्षक उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।