रामपुर में आज लगेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण कैंप, नए वोट बनवाने का मौका
नाम, उम्र और पते में त्रुटियों के संशोधन के लिए बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
रामपुर। 23 अक्टूबर 2026 विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार, 24 अक्टूबर को रामपुर में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इनमें पात्र नागरिकों के नए वोट बनाने और मतदाता सूची में दर्ज नाम, आयु व पते की त्रुटियों को संशोधित करने की सुविधा मिलेगी।
कैंप की तैयारियों को लेकर कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय, अजीतपुर में सुपरवाइजर सैय्यद वसीम नकवी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें बूथ संख्या 350 से 363 तक के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को समय से अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर मतदाताओं की सहायता करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं के नए वोट बनाने के लिए फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे। वहीं, मतदाता सूची में नाम, उम्र और पते से संबंधित गलतियों को ठीक करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
सुपरवाइजर ने सभी बीएलओ को जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने पात्र नागरिकों और युवाओं से कैंप का लाभ उठाने तथा मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।
