मेरठ मंडल में परीक्षा केंद्र आवंटित होने से शिक्षकों में रोष,
एससी-एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने बीएसए रामपुर को ईमेल भेजकर की नजदीकी केंद्र आवंटित करने की मांग
रामपुर। 25 अक्टूबर 2026 उत्तर प्रदेश विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP Special TET-2026) के परीक्षा केंद्र रामपुर और मुरादाबाद मंडल के अधिकांश शिक्षकों को मेरठ मंडल में आवंटित किए जाने से शिक्षकों में नाराजगी है। इसको लेकर एससी/एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन, जनपद रामपुर ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राम बहादुर गौतम और जिला महामंत्री सुनील कुमार ने बताया कि सेवारत शिक्षक विद्यालय की जिम्मेदारियों के साथ परीक्षा की तैयारी भी कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्र 100 से 150 किलोमीटर दूर मेरठ मंडल में आवंटित होने से उन्हें आवागमन में परेशानी के साथ अतिरिक्त आर्थिक खर्च और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ेगा।
एसोसिएशन ने मांग की है कि रामपुर के शिक्षकों के परीक्षा केंद्र मुरादाबाद मंडल में ही बनाए जाएं। साथ ही, यथासंभव शिक्षकों को उनके गृह जनपद या नजदीकी स्थानों पर परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में बीएसए रामपुर के ईमेल पर ज्ञापन भेजकर मामले को शासन तक पहुंचाने और शिक्षकों की समस्या का समाधान कराने का आग्रह किया गया है।
