किसान मेले के अंतिम दिन पंजाबी गायक हैरी धनोवा के गीतों पर झूमे किसान, 250 से अधिक स्टॉलों, पशु प्रदर्शनी और लकी ड्रॉ ने खींचा लोगों का ध्यान,
स्वार/नबावगंज। 27 अक्टूबर 2026 रतनपुरा नवाबगंज, स्वार स्थित मीरी-पीरी खालसा एकेडमी में कृषि विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय किसान मेले का अंतिम दिन उत्साह और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। मेले में पंजाबी गायक हैरी धनोवा के गीतों की धूम रही। उनके गीतों पर मौजूद किसानों और अन्य लोगों ने आनंद लिया। मेले में हजारों किसानों ने पहुंचकर कृषि संबंधी जानकारियां हासिल कीं और विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
मेले में 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए थे, जहां कृषि उपकरणों, आधुनिक तकनीकों और खेती से जुड़ी जानकारियों से किसानों को परिचित कराया गया। पशु प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही पुरस्कार वितरण समारोह और लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं पशुपालन विशेषज्ञों ने किसानों को बेहतर उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और पशुपालन के वैज्ञानिक तौर-तरीकों की जानकारी दी। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से पहुंचे गणमान्य लोगों तथा नेताओं ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
समारोह में अच्छी नस्ल के पशुओं के स्वामियों, बुजुर्ग किसानों और माताओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, पशुपालन को प्रोत्साहित करने और कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों को सम्मान देना रहा। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी नई जानकारियां प्राप्त करने के साथ मनोरंजन का भी अवसर मिला।
