27102026
BY: मोहम्मद राशिद सैफी   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Thu, 29 Oct 2026 00:00 GMT+0530

बिलासपुर में शोभायात्रा विवाद का आपसी बातचीत से निपटारा, दोनों समुदायों के लोगों ने बैठक कर दूर की गलतफहमी

बिलासपुर। 28 अक्टूबर 2026 भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर मंगलवार रात निकाली गई शोभायात्रा के दौरान माठखेड़ा रोड पर उत्पन्न हुए विवाद का बुधवार शाम आपसी बातचीत से समाधान कर लिया गया। मोहल्ला भट्टी टोला स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों की बैठक हुई, जिसमें बातचीत के बाद मामले को समाप्त करने पर सहमति बनी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव की शोभायात्रा माठखेड़ा रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान एक मकान की छत से मीट का टुकड़ा शोभायात्रा में शामिल कुछ लोगों पर गिर गया। इससे वाल्मीकि समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस तथा स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शोभायात्रा को आगे रवाना कराया।

विवाद के समाधान के लिए बुधवार शाम भगवान वाल्मीकि मंदिर में दोनों पक्षों के लोगों की बैठक बुलाई गई। बातचीत के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने बताया कि एक दिन पहले उनके घर में कार्यक्रम हुआ था। उनके अनुसार, छत की बालकनी से शोभायात्रा देखते समय एक छोटे बच्चे के हाथ से असावधानीवश मीट का टुकड़ा नीचे गिर गया था। इस पर उन्होंने खेद जताते हुए वाल्मीकि समाज से माफी मांगी।

बैठक में वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखने पर जोर दिया। करीब एक घंटे तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद का पटाक्षेप कर दिया।

बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कस्बा चौकी प्रभारी योगेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मंदिर के बाहर मौजूद रहे।

इस मौके पर पालिका सभासद फैजान खां, मोहम्मद इमरान, जैद हसन खां, मेहंदी हसन, यूनुस, विजय अनार्य, रविराज वाल्मीकि, गुरमुख भारती, जानू चौहान, राहुल बंटी, सुनीता देवी, बबीता देवी, सोनू चौधरी, अनिल लल्ला सहित दोनों समुदायों के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।