दो तिहाई बहुमत न मिलने से टला राशन विक्रेता का चुनाव, अब 18 नवंबर को होगा मतदान
टांडा। 28 अक्टूबर 2026 टांडा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बादली में राशन विक्रेता के चयन की प्रक्रिया आवश्यक दो तिहाई बहुमत नहीं मिल पाने के कारण स्थगित कर दी गई। अब दोबारा चुनाव 18 नवंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा। चुनाव में कुल पांच प्रत्याशी मैदान में थे।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों और अधिकारियों के बीच बहस भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल गर्म हो गया। हालांकि, अधिकारियों की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया से संबंधित स्थिति पर चर्चा की गई। आवश्यक बहुमत पूरा नहीं होने के कारण राशन विक्रेता का चयन नहीं हो सका और चुनाव की अगली तारीख निर्धारित की गई।
इस दौरान एडीओ पंचायत वेदप्रकाश शर्मा, एडीओ सहकारिता अजेंद्र पाल सिंह, सचिव वेग सिंह और ग्राम विकास अधिकारी विवेक चौधरी मौजूद रहे। ग्राम प्रधान सुशीला देवी सहित कई ग्रामीण भी मौके पर उपस्थित रहे।
