IMG-20261031-WA0007
BY: मोहम्मद राशिद सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 31 Oct 2026 08:01 GMT+0530

साइबर अपराधों से बचाव के लिए इम्पैक्ट कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला आयोजित

एसपी अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके

भोट/रामपुर। 30 अक्टूबर 2026 साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इम्पैक्ट कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, थूनापुर में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार (आईपीएस) ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए।

एसपी ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के प्रति विद्यार्थियों को सचेत किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर उनकी निजी और बैंकिंग संबंधी जानकारियां हासिल करते हैं। ऐसे में अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और किसी के साथ ओटीपी साझा करने से बचना बेहद जरूरी है।

इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी बिलासपुर प्रीतम सिंह सहित साइबर क्राइम एवं साइबर सेल के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई।

कार्यक्रम में कॉलेज के ऑनर सुल्तान सैफी एवं कॉलेज स्टाफ ने पुलिस अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक रहने का संदेश दिया गया।