IMG-20261031-WA0010
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 31 Oct 2026 08:17 GMT+0530

पदोन्नति सूची को लेकर बीएसए गंभीर, सभी खंड शिक्षा अधिकारी तलब

शनिवार सुबह 10 बजे अभिलेखों के साथ बुलाया, आज ही वरिष्ठता सूची जारी करने की तैयारी

रामपुर। 30 अक्टूबर 2026 बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी गंभीर हो गई हैं। वरिष्ठता सूची जारी करने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए उन्होंने शनिवार को जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और उनके पटल सहायकों को आवश्यक अभिलेखों के साथ कार्यालय में तलब किया है।

गौरतलब है कि पिछले करीब 10 वर्षों से बेसिक शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हो पाई है। शासन की ओर से 23 अक्टूबर तक वरिष्ठता सूची जारी करने और सात नवंबर तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद जनपद रामपुर की वरिष्ठता सूची अभी तक जारी नहीं हो सकी है। इसको लेकर शिक्षकों में नाराजगी है। मंगलवार को विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने बीएसए कल्पना देवी से वार्ता कर वरिष्ठता सूची शीघ्र जारी करने और पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की थी। इस पर उन्होंने बुधवार को सूची जारी करने का आश्वासन दिया था।

शुक्रवार को बीएसए ने वरिष्ठता सूची का परीक्षण किया तो कई शिक्षकों के विवरण वाले कॉलम रिक्त मिले। वहीं, कुछ ब्लॉकों से अलग-अलग लिपि में सूची भेजे जाने के कारण जनपद स्तर पर एकीकृत वरिष्ठता सूची तैयार करने में दिक्कत सामने आई। इन कमियों को दूर करने के लिए बीएसए ने शनिवार सुबह 10 बजे सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और उनके पटल सहायकों को अभिलेखों सहित कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

विभागीय स्तर पर शनिवार को ही वरिष्ठता सूची जारी करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सात नवंबर तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी की जा सके।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति लंबे समय से लंबित है। पदोन्नति होने से शिक्षकों को लाभ मिलेगा, वहीं रिक्त पदों की स्थिति स्पष्ट होने से भविष्य में नई शिक्षक भर्ती का रास्ता भी प्रशस्त होगा। उन्होंने विभाग से निर्धारित समयसीमा में पारदर्शिता के साथ पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की।