सैफनी में सनसनी: कैंटीन संचालक की गला रेतकर निर्मम हत्या, प्लॉट के कमरे में मिला खून से लथपथ शव
संवाददाता मोहित वाशिष्ठ
सैफनी (रामपुर)। थाना सैफनी नगर के भूड़ा गेट निवासी एक 26 वर्षीय युवक की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। युवक का खून से लथपथ शव नगर से बाहर ईंट भट्ठे के पास स्थित उसके प्लॉट पर बने एक कमरे के अंदर बरामद हुआ है। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देर रात तक कैंटीन चलाता था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूड़ा गेट निवासी नईम (26) पुत्र मुरव्वत नगर में ही आगे कैंटीन संचालन का कार्य करता था। देर रात तक कैंटीन चलाने के कारण क्षेत्र के लोगों में उसका अच्छा परिचय और व्यवहार था। कैंटीन के अलावा नईम अक्सर दिन के समय ईंट भट्ठे के समीप स्थित अपने प्लॉट पर भी जाया करता था। बताया जाता है कि इस प्लॉट पर बने कमरे में अक्सर उसके कुछ दोस्तों और परिचितों का भी आना-जाना लगा रहता था।
दोस्त के फोन के बाद घर से निकला था नईम
परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नईम के मोबाइल पर किसी दोस्त का फोन आया था। फोन पर बात करने के कुछ देर बाद ही वह अपनी बाइक लेकर घर से प्लॉट की तरफ जाने की बात कहकर निकला था। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार वालों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन लगातार बंद आता रहा, जिससे उनकी चिंता और गहरा गई।
तलाश में पहुंचे पिता के उड़ गए होश
दोपहर बाद जब नईम का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके पिता मुरव्वत उसे तलाश करते हुए ईंट भट्ठे के पास स्थित अपने प्लॉट पर पहुंचे। वहां बने कमरे का दरवाजा खोलकर जैसे ही पिता अंदर दाखिल हुए, वहां का खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर जमीन पर नईम का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था और चारों तरफ खून फैला था। बेटे की लाश देखकर पिता चीख पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
मोबाइल और सामान गायब, बाइक मौके पर मिली
वारदात की सूचना पाकर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से नईम का मोबाइल फोन और उसके पास मौजूद अन्य कीमती सामान गायब है, जिससे लूटपाट के बाद हत्या या साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मोबाइल ले जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, मृतक की बाइक प्लॉट के बराबर में ही खड़ी हुई बरामद हुई है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और समय की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों से तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस रंजिश, मोबाइल कॉल डिटेल समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है और जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।
