file_00000000d2a47207943c345865e6e963
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Thu, 04 Jun 2026 17:22 GMT+0530

लखनऊ से बड़ी खबर: प्रदेश में पुलिस उपाधीक्षकों के व्यापक तबादले, रामपुर, सम्भल, मुरादाबाद और बदायूं में भी बड़े फेरबदल

पंकज कुमार शर्मा 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने गुरुवार को पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए 206 पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी/सीओ स्तर) के तबादले कर दिए। गृह विभाग की ओर से जारी तबादला सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों और कमिश्नरेटों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक बदलाव का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों, विशेषकर रामपुर, सम्भल, बदायूं और मुरादाबाद पर भी देखने को मिला है।

रामपुर में कई अधिकारियों की तैनाती बदली

तबादला सूची के अनुसार पंकज पंत को शाहजहांपुर से स्थानांतरित कर पुलिस उपाधीक्षक रामपुर बनाया गया है। वहीं रामपुर में तैनात कई अधिकारियों को अन्य जिलों में भेजा गया है। कीर्ति निधि आनंद को रामपुर से गोरखपुर, अतुल कुमार पांडेय को रामपुर से लखनऊ कमिश्नरेट तथा जितेंद्र कुमार को रामपुर से मथुरा स्थानांतरित किया गया है। दूसरी ओर प्रीतम पाल सिंह को मथुरा से रामपुर तथा अभिषेक श्रीवास्तव को गाजियाबाद कमिश्नरेट से रामपुर भेजा गया है।

सम्भल जिले में भी व्यापक बदलाव

विवेक जावला को मिर्जापुर से पुलिस उपाधीक्षक सम्भल बनाया गया है। इसके अतिरिक्त स्तुति सिंह को हापुड़ से सम्भल भेजा गया है। वहीं सम्भल में तैनात डॉ. प्रदीप कुमार सिंह का तबादला अमरोहा, आलोक सिद्धू का बदायूं तथा दीपक कुमार का बुलंदशहर कर दिया गया है। अमन सिंह को सीतापुर से सम्भल में नई तैनाती मिली है।

बदायूं में नए पुलिस उपाधीक्षक की तैनाती

तबादला आदेश के तहत आलोक सिद्धू को सम्भल से बदायूं भेजा गया है। इसके अलावा अंशुमान श्रीवास्तव को देवरिया से बदायूं स्थानांतरित किया गया है। वहीं बदायूं में तैनात रजनीश कुमार उपाध्याय को कासगंज तथा कृष्ण कुमार तिवारी को पीएसी गोंडा भेजा गया है।

मुरादाबाद मंडल में भी प्रशासनिक हलचल

मुरादाबाद मंडल से जुड़े कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। शिव ठाकुर, जो मुरादाबाद मंडलाधिकारी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें सहारनपुर भेजा गया है। वहीं गणेश कुमार को मिर्जापुर से पीटीसी मुरादाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंकज वर्मा को लोकायुक्त कार्यालय लखनऊ से पुलिस अकादमी मुरादाबाद भेजा गया है। इसके अलावा कृष्ण राजपूत को मऊ से स्थानांतरित कर मंडलाधिकारी मुरादाबाद बनाया गया है।

कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी

शासन स्तर पर किए गए इस व्यापक फेरबदल को प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तबादला सूची में पुलिस मुख्यालय, विभिन्न कमिश्नरेट, जनपदों, पीएसी वाहिनियों और विशेष इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। आने वाले दिनों में सभी अधिकारी अपने नए पदस्थापना स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।