WhatsApp Image 2026-06-13 at 7.51.16 PM
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sun, 14 Jun 2026 10:17 GMT+0530

गांव चलो अभियान के तहत अशोकपुर में बसपा का बूथ गठन कार्यक्रम, 2027 चुनाव की तैयारियों पर जोर

मुस्तफा अली एडवोकेट

रामपुर, 14 जून। बहुजन समाज पार्टी द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “गांव चलो अभियान” के अंतर्गत चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अशोकपुर में शनिवार को बूथ संख्या 326 के गठन हेतु एक बैठक एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बसपा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश कुमार गौतम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य मंडल प्रभारी विजय सिंह बाबूजी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि विजय सिंह बाबूजी ने अपने संबोधन में कहा कि बहुजन समाज के अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए महापुरुषों ने लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के नेतृत्व में पार्टी लगातार बहुजन समाज की आवाज को बुलंद कर रही है।

इस अवसर पर मंडल जोन प्रभारी शांति प्रसाद सागर ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिवादन करते हुए महापुरुषों के संघर्षों को याद किया। वहीं मंडल जोन प्रभारी गौरव चौधरी ने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने पर बल देते हुए अधिक से अधिक लोगों को बसपा से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश कुमार गौतम ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़ा और मुस्लिम समाज के साथ-साथ अन्य वर्गों का भी पार्टी को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने तथा विपक्षी दलों के प्रचार-प्रसार से सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है और गांव-गांव में बूथ समितियों का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष हबीबुल रहमान ने किया। इस दौरान विधानसभा प्रभारी सरजू भास्कर, सुशील कुमार सागर, विधानसभा अध्यक्ष सैंकी सागर, कालीचरण बौद्ध, मास्टर रामकुमार, भूरेलाल, ऋषिपाल, सरवर हुसैन, केपी सिंह, प्रेमपाल सैनी, संघ प्रिया गौतम, अमरपाल, वीर सिंह, रामकिशन, रामकिरती, रामपाल भगत, राम भरोसे, छोटेलाल, बृजेश कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।